राजा-महाराजाओं के वक्त में बने कई खूबसूरत महल सदियों बाद आज भी मजबूती से खड़े हैं। इनमें से कुछ तो इतने खुबसूरत और शानदार हैं कि उन्हें राष्ट्रीय धरोहर माना जाता है।
आज इस पोस्ट में हम आपको देश विदेश के कुछ सबसे खूबसूरत महलों के बारे में बताने जा रहे हैं तो चलिए जानते हैं:-
मैसूर पैलेस, भारत

दक्षिण भारत के मैसूर शहर में स्थित पूर्व शाही परिवार वाडियारों के निवास मैसूर पैलेस को अम्बा विलास पैलेस के नाम से भी जाना जाता है। इस महल में दो दरबार हॉल हैं जहां पुराने समय में बादशाहों की शाही अदालतें लगा करती थीं।
भारत में पर्यटकों के लिए शाही स्मारकों में ताजमहल के बाद मैसूर पैलेस ही सबसे बड़ा आकर्षण का केन्द्र है। यहां प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक आते हैं।
फॉरबिडन सिटी, चीन

चीन के शहर बीजिंग के मध्य में स्थित यह महल दुनिया के सबसे खूबसूरत शाही महलों में गिना जाता है। महल का निर्माण 1406 से लेकर 1420 के बीच किया गया था। यह 500 सालों तक कई सम्राटों का निवास स्थान रहा है।
यह अब चीनी सरकार के औपचारिक और राजनीतिक केंद्र का स्थल है। यह महल 7,20,000 स्क्वेयर मीटर क्षेत्र में फैला है और इसमें 980 भवन बने हैं। महल की वास्तुकला में आपको चीनी संस्कृति की झलक दिखाई देगी।
यह भी पढ़ें :- चीन का शादी बाज़ार
समर पैलेस, चीन

चीन के बीजिंग शहर में ही बना यह पैलेस काफी खूबसूरत है और यहां बनी कुनमिंग लेक पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केन्द्र बनी रहती है।
यह महल 2.9 स्क्वेयर किलोमीटर के क्षेत्र में फैला है जिसका एक बड़ा हिस्सा पानी से भरा है। यह जगह चीन के साम्राज्यवादी शासकों द्वारा एक ग्रीष्मकालीन आवास के तौर पर उपयोग में लाई जाती थी।
हिमेजी कैसल, जापान

यह हिलटॉप महल हाओगो प्रीफेकर में स्थित है। महल परिसर में 83 भवन शामिल हैं और हिमेजी कैसल पारम्परिक जापानी महल वास्तुकला का सबसे पुराना उदाहरण माना जाता है।
इसका बाहरी हिस्सा चमकदार सफेद रंग का है और कई लोग कहते हैं कि यह संरचना एक उड़ान जैसी दिखती है। समुराई योद्धा अकामात्सु नोरिमूरा ने 1333 में एक किले के रूप में इस महल का निर्माण करवाया।
इसकी प्रारम्भिक संरचना पिछली कई शताब्दियों के दौरान अनेक बार बदली गई। अर्थात महल के नित-नए मालिकों ने इसमें अपनी पसंद से कई बदलाव किए।
महल चमत्कारिक रूप से विश्व युद्ध से बच गया, भले ही आसपास के इलाकों में खूब बमबारी की गई थी। आज यह यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।
विंटर पैलेस, रूस

सेंट पीटर्सबर्ग में नेवा नदी के किनारे स्थित विंटर पैलेस रूस के पूर्वशाही परिवार का शीतकालीन निवास था। इसका निर्माण 1762 में पूरा हुआ। इसमें कुल 460 कमरे हैं।
इतालवी वास्तुकार रस्त्रेल्ली द्वारा बनाया हुआ यह रूसी वास्तुकला का एक प्रसिद्ध नमूना है। सन् 1918 से यह महल सोवियत राजकीय चित्रशाला के अधिकार में है। इस महल कोविश्व के सर्वाधिक दर्शनीय स्थलों में से एक गिना जाता है।
यूरोप के कुछ खास महल
- यूरोप के महल काफी हद तक पूर्व के खलीफाओं के विशाल महलों से प्रभावित हैं जिन्हें 7वीं तथा 8वीं शताब्दियों के दौरान बनाया गया था। ये अपने बगीचों तथा भरपूर सजावट के लिए प्रसिद्ध हैं।
- इस्ताम्बुल स्थित टोपाकापी महल 400 से भी अधिक वर्षों के लिए ओट्टोमन सुल्तानों का भव्य आवास था। अंततः जब सुल्तानों का शासन खत्म हुआ तो 1924 में इसे अजायबघर में बदल दिया गया।

- वेनिस के ‘डाजेस पैलेस‘ में पूर्वी देशों की छाप दिखाई देती है जिसे वेनेटिशन व्यापारी पूर्व से लाए थे।
- फ्लोरेंस स्थित भव्य सिटी पैलेस को शानदार आर्कीटैक्ट ब्रुनेलेभी ने 1440 में ल्यूका पिटी नामक व्यापारी के लिए डिजाइन किया था। इसे 1550 में मेडिसी परिवार ने अपने निमंत्रण में ले लिया था।
- हैम्पटन कोर्ट पैलेस, जो लंदन के दक्षिण-पश्चिम में स्थित है, का काम 1514 में राजा हैनरी अष्टम के पसंदीदा दरबारी वोल्सी ने शुरू करवाया था लेकिन जब वोल्सी उनका पसंदीदा नहीं रहा तो यह काम राजा ने अपने हाथ में ले लिया।
- मैड्रिड में एस्कोरियल ग्रेनाइट का बना एक विशाल महल है जिसे फिलिप द्वितीय ने बनवाया था। इसका काम 1563 में शुरू हुआ तथा 1584 में पूर्ण हुआ।
पंजाब केसरी से साभार
यह भी पढ़ें :-

